Sunday, September 22, 2024
Homeछत्तीसगढ़अपराधियों के मन में कानून का भय हो, पीड़ितों को त्वरित मिले...

अपराधियों के मन में कानून का भय हो, पीड़ितों को त्वरित मिले न्याय : विष्णु देव साय

रायपुर– मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अपराधियों के मन में कानून का भय बना रहे और पीड़ितों को त्वरित न्याय मिले। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का जनता के प्रति विश्वास कायम रहे और पुलिस का व्यवहार नागरिकों के प्रति मित्रवत हो। मुख्यमंत्री ने सभी पुलिस थानों में ऐसा वातावरण बनाने पर जोर दिया, जिससे आम नागरिक बिना किसी भय के सहयोग की उम्मीद कर सकें।

मुख्यमंत्री ने राज्य में अपराधों पर नियंत्रण के लिए कलेक्टर और एसपी को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू की गई नई न्याय संहिता का पुलिस को पालन करना होगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार अपराध नियंत्रण और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है और पिछले वर्षों की तुलना में अपराध के मामलों में कमी आई है।

सोशल पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने राज्य में सोशल पुलिसिंग को नए सिरे से बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे अपराधों पर नियंत्रण करने में मदद मिलेगी और जनता को यह विश्वास दिलाना होगा कि पुलिस उनके साथ है। उन्होंने गौ-तस्करी, नशाखोरी, और अवैध शराब बिक्री पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और कहा कि ऐसे अपराधों पर रोकथाम के लिए पुलिस को कठोर कदम उठाने होंगे।

अवैध गतिविधियों पर सख्त नजर

मुख्यमंत्री ने अवैध शराब, जुआ-सट्टा, और गांजा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने हत्या और डकैती जैसे गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, भूमाफियाओं और नशीली दवाओं के अवैध व्यापार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने रायपुर में स्कूल-कॉलेजों में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

रात्रि गश्त और यातायात नियमों पर दिया जोर

राजधानी में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने रात की गश्त को और प्रभावी बनाने की जरूरत बताई। साथ ही, सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए यातायात नियमों के पालन और हेलमेट, सीट-बेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया।

इस कॉन्फ्रेंस में मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Samvad Editor
Samvad Editorhttp://www.cgsamvad.com
छत्तीसगढ़ के लोगों की विश्वसनीय आवाज़
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular