Sunday, September 22, 2024
Homeछत्तीसगढ़आलू प्याज का रेट पूछने जाना व्यवसायी को पड़ा महंगा, ढाई लाख...

आलू प्याज का रेट पूछने जाना व्यवसायी को पड़ा महंगा, ढाई लाख से भरा बैग लेकर भागे बाइक सवार

बिलासपुर– तारबाहर क्षेत्र का व्यापार विहार संभाग का सबसे बड़ा बाजार है। यहां पर संभाग के सभी शहरों से व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। गुरुवार की दोपहर आलू प्याज के थोक व्यापारी नारायण दास अपनी एक्टिवा से पास की दुकान में गए थे। इस दौरान उन्होंने ढाई लाख रुपयों से भरा बैग अपनी एक्टिवा पर छोड़ दी थी। वह दुकान के अंदर जाकर व्यवसायी से बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान बाहर खड़ा एक युवक बैग लेकर भागने लगा। सामने ही उसका दोस्त बाइक पर तैयार खड़ा था। दोनों बैग लेकर बाइक पर भाग निकले। यह पूरी घटना व्यापार विहार में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। इधर उठाईगीरी की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इधर उठाईगीरी की सूचना पर पहुंची तारबाहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों के पहचान की कोशिश की जा रही है।

व्यापार विहार में लगे सीसीटीवी में दो बदमाश कैद हुए हैं। एक व्यक्ति बाइक पर बैठा है। उसका साथी बाइक से उतरकर टहलते हुए एक्टिवा तक गया। पहले कुछ देर उसने इधर-उधर नजर दौड़ाई। इसके बाद एक्टिवा से बैग उठाकर भागते हुए अपने साथी तक पहुंचा।

इसके बाद दोनों बाइक से भाग निकले। इधर व्यवसायी को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। बातचीत के बाद जब वे अपनी एक्टिवा के पास आए तो चोरी की जानकारी हुई। तत्काल इसकी जानकारी व्यापारियों को देकर पुलिस को सूचना दी गई।

उठाईगीरी की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। व्यापार विहार के साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी से बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा पुलिस की टीम आसपास के जिलों से भी संपर्क में है। देर रात तक बदमाशों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

Samvad Editor
Samvad Editorhttp://www.cgsamvad.com
छत्तीसगढ़ के लोगों की विश्वसनीय आवाज़
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular