13 साल की लड़की को मुस्लिम युवक ने नशीली दवा पिलाकर ले गया UP, चार दिन बाद मिली नाबालिग, हिन्दू संगठनों ने मचाया बवाल

23

बिलासपुर- लव जिहाद का मामला सामने आया है। 13 साल की लड़की से युवक ने पहले दोस्ती की। फिर उसे घर से बाहर ले जाकर नशीली चीज पिलाकर बेहोश किया और उसे अपहरण कर उत्तर प्रदेश ले गया। हालांकि, चार दिन बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर लिया है। लेकिन, अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार तोरवा क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग लड़की आठवीं कक्षा में पढ़ती है। मोहल्ले में उत्तर प्रदेश के मेरठ का रहने वाला इमरान खान नाम का युवक मजार में काम करता था। उसने कुछ माह पहले छात्रा से दोस्ती की। फिर उसे प्यार में फंसा लिया। इसकी जानकारी होने पर परिजनों ने बच्ची को मना किया और युवक को भी उससे नहीं मिलने की समझाइश दी ।

लड़की के पिता ने दैनिक भास्कर की टीम को बताया कि बीते 8 फरवरी को उसकी बेटी अचानक गायब हो गई। उन्होंने उसकी तलाश की। लेकिन, उसका कुछ पता नहीं चला। मोहल्ले के लोगों से पूछताछ में पता चला कि इमरान खान लड़की को भगाकर ले गया है। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने पहले पुलिस से शिकायत की। इसके साथ ही हिंदू संगठन के लोगों से भी मदद मांगी। जिस पर चार दिन बाद उनकी बेटी को आरोपी और उसके परिजनों ने उसलापुर में लाकर छोड़ दिया।

पिता ने कहा- नशीली चीज पिलाकर बेहोश किया और ले गया UP

लड़की के पिता ने बताया कि उसकी बेटी वापस आई, तब उसने बताया कि इमरान खान ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। इस दौरान उसने उसे कुछ नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश किया, जिसके बाद उसको कुछ याद नहीं है। जब उसे होश आया, तब पता चला कि युवक उसे लेकर उत्तर प्रदेश पहुंच गया है। उनकी लड़की तो मिल गई है। लेकिन, आरोपी को पुलिस ने अब तक गिरफ्तार नहीं किया है।

पुलिस ने नहीं की कार्रवाई, परिजन दे रहे धमकी

छात्रा के परिजनों ने बताया कि इस घटना के बाद से उन्हें आरोपियों के परिचित शाहरूख ने केस वापस लेने की धमकी दी है। पुलिस ने उनकी बेटी का सीडब्ल्यूसी (चाइल्ड वेलफेयर कमेटी) के सामने बयान नहीं लिया है। न ही उसका मेडिकल कराया गया है। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई भी नहीं की है, न ही आरोपी के खिलाफ पाक्सो और छेड़छाड़ का केस दर्ज किया है। जिन लोगों ने धमकी दी है, उनके खिलाफ भी शिकायत की गई है। फिर भी पुलिस ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

लड़की का स्कूल जाना बंद

इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार के लोग दहशत में है। उन्होंने अपनी बेटी का स्कूल जाना भी बंद करा दिया है। उन्हें डर है कि आरोपी और उसके परिजन बेटी के साथ कुछ गलत न कर दें। इसलिए उन्होंने उसे स्कूल भेजना बंद कर दिया है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा मुहैया कराने की मांग भी की है। साथ ही आरोपियों को सजा दिलाने की गुहार भी लगाई है।

टीआई बोली- पुलिस गिरफ्त से बाहर है आरोपी

टीआई अंजना केरकेट्‌टा के मुताबिक लड़की के परिजनों की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। घटना के चार दिन बाद पुलिस ने लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया है। लेकिन, अब तक आरोपी का पता नहीं चल सका है। पुलिस की टीम आरोपी युवक की तलाश कर रही है।

Join Whatsapp Group