चेन चोरी करने वाली महिलाओं के गिरोह को पकड़ा, महाकाल मंदिर में की थी वारदात

16

महाकाल मंदिर परिसर से तेलंगाना निवासी महिला के गले से चेन चोरी करते हुए जयपुर की चार महिलाओं को पकड़ा है। आरोपिताओं ने परिसर में स्थित स्वप्नेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने के दौरान तेलंगाना की महिला के गले से चेन चोरी का प्रयास किया था, मगर चेन में पिन लगी होने से वह अटक गई।

इस पर महिला ने शोर मचाया तो चारों पकड़ी गईं। आरोपित महिलाओं ने दो अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया था। पुलिस चारों के कब्जे से एक चेन बरामद की है। आरोपित महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

महाकाल पुलिस ने बताया कि आरोपित महिलाओं ने अपने नाम सुनीता पत्नी रामवीर प्रजापत (40) वर्ष, बबली पत्नी रमेश कुमार (35) दोनों निवासी शिकारी मोहल्ला जयपुर (राजस्थान), सुनीता पत्नी राम फूलमाली (26), मधु पत्नी योगेश फूलमाली (55) दोनों निवासी गांधी सर्कल जयपुर (राजस्थान) बताया है। पुलिस आरोपित महिलाओं से अन्य वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

आरोपित महिलाओं ने महाकाल मंदिर में दर्शन के दौरान हैदराबाद, कर्नाटक से आई तीन महिलाओं के गले से भी चेन चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। शुक्रवार को भी एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी हो गई थी। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध महिलाएं नजर आई थी।

वहीं नृसिंह घाट स्थित झालरिया मठ में इन दिनों कथा चल रही है। वहां भी कथा सुन रही पांच महिलाओं के गले से चेन चोरी होने की वारदात हुई थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि एक ही महिला ने शिकायत की थी। पुलिस उस मामले में भी पूछताछ कर रही है।

Join Whatsapp Group