शराब दुकान के कर्मचारियों की पिटाई और पथराव करने वाले चार युवक गिरफ्तार

39

इंदौर– द्वारकापुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात शराब दुकान पर विवाद हुआ। युवकों ने कर्मचारियों की पिटाई कर दी और दुकान पर पथराव भी किया। पुलिस ने चार लोगों को अवैध वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपित सस्ती शराब मांग रहे थे। एक आरोपित का पुराना आपराधिक रिकार्ड भी है।

घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। शराब दुकान पर चार युवक पहुंचे और सस्ती शराब मांगी। कर्मचारियों से इसी बात पर बहस हो गई। दोनों पक्षों में मारपीट की नौबत आ गई। युवकों ने चाकू निकाला और पथराव भी कर दिया।

देर रात मामले में दुकान के कर्मचारी विनोद सहाय की शिकायत पर मोनू तिवारी, मोनू जोशी, अंकित होलकर और जितेंद्र पटेल के विरुद्ध एफआइआर दर्ज की गई। टीआइ अनिल गुप्ता के मुताबिक, रात में ही आरोपितों के ठिकानों पर छापे मारकर गिरफ्तार कर लिया।

Join Whatsapp Group