आज 40 डिग्री के पार पहुंचेगा पारा, 9 मई के बाद हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना

20

मंगलवार को गर्मी के तीव्र असर ने दिन में शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ाई। दोपहर में घर से बाहर निकले लोगों को तपिश का अहसास हुआ। इस माह में दूसरी बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। मंगलवार को शहर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य था। 4 मई को पारा इस उच्चतम स्तर पर पहुंचा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बुधवार को भी शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। मंगलवार को शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भोपाल स्थित मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ बना है। वहीं उत्तर पूर्वी मप्र पर ऊपरी हवाओं का चक्रवाती घेरा बना हुआ। इसके अलावा एक द्रोणिका उत्तरी उड़ीसा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश से होते हुए दक्षिणी पश्चिमी राजस्थान तक जा रही है। इसके असर से 9 मई के बाद इंदौर में बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। बुधवार व गुरुवार को शहर में दिन का पारा 40 डिग्री से अधिक रहेगा। उसके बाद तापमान में हल्की गिरावट दिखाई देगी।

Join Whatsapp Group