हम तो जाते अयोध्या धाम, सबको राम- राम, बिलासपुर संभाग से 850 श्रद्धालु हुए रवाना

49

पारंपरिक लोक नृत्य और बाजे-गाजे के साथ श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए रवाना किया गया। ट्रेन को शाम चार बजे नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने हरी झंडी दिखाई। इस दौरान रेलवे व आइआरसीटीसी की टीम भी मौजूद थी। इस यात्रा को लेकर भक्तों में गजब का उत्साह था और चेहरे पर श्रीरामलला के दर्शन करने की चमक स्पष्ट नजर आ रही थी।

दोपहर एक बजे से भक्तों के बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। जैसे ही उन्होंने स्टेशन में कदम रखा, उनका तिलक लगाकर स्वागत किया। माला भी पहनाई गई। इसके बाद अपनी-अपनी सीट पर जाकर बैठते गए। बिलासपुर जिले से 219 श्रद्धालु अयोध्या धाम की यात्रा पर निकले हैं।

इस दौरान जय श्रीराम के जयकारे के साथ पूरा स्टेशन परिसर राममय हो गया। दर्शन के लिए जा रहे लोगों ने सरकार के प्रति आभार भी व्यक्त किया। यात्रा के दौरान खानपान से लेकर सुरक्षा का भी खास इंतजाम किया गया है। हर एक कोच में एक सुरक्षाकर्मी की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्रत्येक यात्रियों की हिफाजत करेगा।

ट्रेन रवाना होने से पहले भोजन का पैकेट दिया गया। जब अयोध्या धाम पहुंचेंगे, उसके बाद बस से आवास तक लेकर जाएंगे और फिर दर्शन के लिए मंदिर लेकर जाएंगे। कोच काफी साफ सुथरा था। डस्टबिन के साथ प्रत्येक कोच में हैंडवाश की व्यवस्था थी। हम हैं सौभाग्यशाली सीपत चौक सरकंडा निवासी सीमा अग्रवाल का कहना था कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें यह अवसर प्राप्त हुआ। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त भी किया, जिनकी पहल पर इस यात्रा की शुरुआत हुई।

सपना हुआ साकार कोरबा निवासी 70 वर्षीय बजरंग लाल शर्मा पत्नी के साथ अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। इस यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा मानों सपना साकार हो गया। अयोध्या धाम जाने के लिए सोचते थे। लेकिन, असमर्थ थे। यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधा की प्रशंसा भी उन्होंने की।

दोबारा परिवार को लेकर जाऊंगा

गजेंद्र सिंह राठिया का कहना है कि वह पहली श्रीरामलला के दर्शन को जा रहे हैं। दर्शन कर जब लौट जाएंगे, उसके बाद एक बार जरूर परिवार को लेकर जाएंगे। भगवान के दर्शन करने के लिए मन में ऐसी खुशी है, उसका बयान नहीं कर सकता।

Join Whatsapp Group