महिलाओं के साथ आचार्य-शास्त्री भी भारतीय सेना में हो सकते हैं भर्ती

90

इंदौर– आजकल हम देखते हैं कि कम उम्र में ही युवा नशे की ओर जा रहे हैं। युवाओं को देशसेवा के लिए आगे आना चाहिए। इसके लिए उन्हें सेना की भर्ती में भी भाग लेना चाहिए। भारतीय सेना अग्निवीर में साढ़े 17 से 21 वर्ष तक की उम्र के युवा भर्ती हो सकते हैं। साथ ही 10वीं में 45 प्रतिशत अंक होना चाहिए। इसके लिए उन्हें पहले परीक्षा देनी होती है। इसके बाद उन्हें ट्रेनिंग दी जाती है।

अग्निवीर भर्ती चार वर्ष तक के लिए होती है। इसमें जनरल ड्यूटी, तकनीकी, क्लर्क, ट्रैड्समेन में नौकरी मिलती है। महिलाओं के लिए सेना पुलिस मिलिट्री में भर्ती होती है। अभी सेना की भर्ती चल रही है। 13 फरवरी से 22 मार्च तक इच्छुक युवा इसके लिए फार्म भर सकते हैं। यह बात सूबेदार मेजर श्याम सिंह मनराल ने मंगलवार को कही।

वे हेलो नईदुनिया कार्यक्रम में पाठकों को देशसेवा के साथ सेना में कैसे करियर बनाएं, इस पर पाठकों के सवालों के जवाब दे रहे थे। सूबेदार मेजर मनराल ने बताया कि स्कूल-कालेज में जो विद्यार्थी एनसीसी में शामिल हो जाते हैं, उनकी भर्ती होने की संभावना अधिक होती है। आचार्य, शास्त्री भी सेना में भर्ती हो सकते हैं। इसके लिए इनकी आयु 25 से 34 वर्ष के बीच में होना चाहिए। यदि भर्ती से जुड़ी जानकारी www.joinindianarmy.nic.in से मिलती है। इसके साथ ही सेना भर्ती कार्यालय महू में भी संपर्क कर सकते हैं।

पाठकों द्वारा पूछे गए सवाल और उनके जवाब…...

सवाल- सेना में जाने के लिए उम्र कितनी होना चाहिए? – राजेश अग्रवाल, देवास

जवाब- साढ़े 17 से 21 वर्ष तक की आयु वाले अग्निवीर सेना भर्ती में शामिल हो सकते हैं। उनके 10वीं में 45 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।

सवाल- मेरी बालिका 10वीं में है। वह सेना में भर्ती होना चाहती है। – असलम दुलावत, खसरोद कलां

सवाल- क्या भर्ती के लिए परीक्षा होती है। चयन हो गया तो हमें सूचना कैसे मिलेगी? – अनिल कुछालिया, गुमास्ता नगर

जवाब- हर वर्ष भर्ती के लिए परीक्षा होती है। चयन होने पर फोन से सूचित किया जाता है। इसके बाद छह माह ट्रेनिंग होती है।

सवाल- मेरा 1988 का जन्म है। मैं एनसीसी कैडेट हूं। क्या मैं परीक्षा दे सकती हूं। – अनुराधा एकतारा, इंदौर

जवाब- आपकी उम्र निकल चुकी है। आप सेना में भर्ती होने के लिए आवेदन नहीं कर सकती हैं। इसके लिए उम्र 21 वर्ष से कम होनी चाहिए।

सवाल- क्या सेना में लड़कियों के शामिल होने की संभावनाएं हैं? – स्नेहा माहेश्वरी, इंदौर

जवाब- सेना पुलिस में लड़कियों की भर्ती होती है। आयु निकल जाने के बाद इसमें भर्ती नहीं हो सकती है।

सवाल- मेरा पोता 10 वर्ष का है। मैं उसे सेना में भर्ती करवाना चाहता हूं। क्या करें ? – मदनसिंह ठाकुर, प्रकाश नगर

जवाब- इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि बच्चे में सेना में भर्ती होने की जिज्ञासा है या नहीं।

Join Whatsapp Group