कलेक्टर व SP ने लिया नाम निर्देशन की तैयारियों का जायजा

15

कलेक्टर व एसपी ने लिया नाम निर्देशन की तैयारियों का जायजा

अम्बिकापुर- छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकाय निर्वाचन हेतु 22 जनवरी 2025 से नाम निर्देशन प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोसकर एवं पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने नाम निर्देशन की प्रक्रिया के लिए आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नाम निर्देशन पत्र लेने हेतु नियत कक्षों का निरीक्षण कर निर्देशन से पूर्व जरूरी तैयारियों की समीक्षा की।

इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेड, वाहनों के पार्किंग व्यवस्था, अभ्यर्थियों और उनके साथ आने वाले प्रस्तावकों के बैठक व्यवस्था के सम्बन्ध में जानकारी ली गई। जिला कार्यालय परिसर एवं आस-पास की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिला कार्यालय में प्रवेश एवं पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है।

जिसके तहत निर्वाचन कार्य में संलग्न कलेक्टरेट कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों तथा नामांकन दाखि़ल करने वाले अभ्यर्थियों के वाहन हेतु निर्धारित पार्किंग स्थल कलाकेंद्र मैदान होगा। नामांकन कक्ष में अभ्यर्थी सहित 05 व्यक्ति को रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय के अन्दर आने की अनुमति होगी। नाम निर्देशन पत्र कार्यालयीन दिवस में सुबह 10ः30 से अपरान्ह 03ः00 बजे तक प्राप्त किया जाएगा। इस दौरान एएसपी अमोलक सिंह, अपर कलेक्टर सुनील नायक सहित, आयुक्त नगर पालिक निगम डी.एन.कश्यप सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित थे।

नाम निर्देशन के लिए निर्धारित स्थल :

सम्पूर्ण नगर पालिक निगम क्षेत्र (वार्ड क्र. 1 से वार्ड क्र. 48 तक) महापौर पद हेतु न्यायालय अपर कलेक्टर कक्ष में रिटर्निंग ऑफिसर अपर कलेक्टर सुनील कुमार नायक द्वारा निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। वहीं पार्षद (वार्ड क्र. 1 से वार्ड क्र. 12 तक) हेतु न्यायालय तहसीलदार कक्ष अम्बिकापुर में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अपर कलेक्टर राम सिंह ठाकुर द्वारा नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। पार्षद (वार्ड क्र. 13 से वार्ड क्र. 24 तक) हेतु न्यायालय अनुविभागीय अधिकारी कक्ष अम्बिकापुर में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अनुविभागीय अधिकारी अम्बिकापुर फागेश सिन्हा द्वारा नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। पार्षद (वार्ड क्र. 25 से वार्ड क्र. 36 तक) हेतु न्यायालय नजूल अधिकारी कक्ष में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर डिप्टी कलेक्टर देव सिंह उईके द्वारा नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे। वहीं पार्षद (वार्ड क्र. 37 से वार्ड क्र. 48 तक) हेतु शिकायत शाखा कक्ष में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर आयुक्त नगर पालिक निगम डी.एन.कश्यप द्वारा नाम निर्देशन पत्र लिए जाएंगे।

Join Whatsapp Group