CG BREAKING: नक्सली रूपेश मंडावी ने पुलिस के सामने किया सरेंडर

15

मानपुर- छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में नक्सली संगठन को एक और बड़ा झटका लगा है। आरकेबी डिवीजन के कोतरी एरिया कमेटी सदस्य और एलओएस डिप्टी कमांडर रूपेश मंडावी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। मंडावी पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

रूपेश मंडावी उर्फ सुखदेव (34) ने 15 अप्रैल को एसपी के समक्ष सरेंडर किया। वह मूल रूप से मुंजाल (कोपाटोला) का रहने वाला है। मंडावी 2012 से नक्सली संगठन में सक्रिय था। उसने कमांडर कमलेश के संपर्क में आने के बाद नक्सली संगठन में शामिल होने का फैसला किया था।

मंडावी का कार्यक्षेत्र काफी विस्तृत था। वह मोहला मानपुर के मदनवाड़ा, सीतागांव, औंधी, मानपुर और कांकेर जिले के गोंडातुर, पखांजुर और नारायणपुर के माड़ क्षेत्र में सक्रिय था। वह 2012 से 2019 तक विजय रेड्डी का गार्ड रहा।

2021 में उसे एसीएम कोतरी एरिया कमेटी का पद मिला। 2023 में उसे डिप्टी कमांडर की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंडावी ने छत्तीसगढ़ सरकार की नई पुनर्वास नीति-2025 से प्रभावित होकर और अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जीने की इच्छा से आत्मसमर्पण का फैसला किया।

Join Whatsapp Group