ग्रामीण के घर में घुसे तेंदुआ शावक को 18 घंटे की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

22

जिले की लटेरी तहसील के गांव मेमनपुर पर एक दिन पहले बुधवार की सुबह एक सूने घर में तेंदुए का शावक घुस गया था। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर गांव पहुंची वन विभाग की टीम ने 18 घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुआ शावक को घर से निकालकर पिंजरे में कैद कर लिया। शावक को अब भोपाल स्थित वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भेजा जाएगा।

वनमंडलाधिकारी ओमकार सिंह मस्कोले ने बताया कि लटेरी के मेमनपुर गांव में कैलाश गुर्जर के कच्चे मकान में तेंदुए का शावक घुसने की सूचना मिली थी। इसके बाद तेंदुआ शावक को सुरक्षित पकड़ने के प्रबंध सुनिश्चित किए गए। उन्होंने बताया कि रात्रि करीब दो बजे तेंदुआ का शावक घर के बाहर लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। उसे अब वन विहार भेजा जा रहा है।

वन मंडलाधिकारी ने बताया कि बुधवार की सुबह ग्राम देहरी पंचायत के ग्राम मेमनपुर गांव में कैलाश गुर्जर अपने कच्चे मकान में भूसा निकालने पहुंचा था। जैसे ही उसने दरवाजा खोला तो उसे तेंदुआ का बच्चा दिखाई दिया। उसने तुरंत दरबाजा बंद कर दिया और अपनी जान बचाकर भागा। बाद में ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी तो टीम मौके पर पहुंच गई ।

भोपाल से भी टीम बुलाई गई और रेस्क्यू शुरू किया गया। तेंदुए को बाहर निकालने के लिए एक तरफ का दरवाजा खोल दिया गया और एक पिंजरे में जहां बकरे को रखा गया, वहीं दूसरी तरफ के पिंजरे में मुर्गा का मांस रखा गया था। लेकिन दिन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के रहने और शोर-शराबे के कारण तेंदुआ शावक बाहर नहीं निकला। लेकिन रात में वह बाहर आया और पिंजरे में फंस गया।

Join Whatsapp Group