छात्राओं से शिक्षक ने की छेड़खानी, अब पुलिस ने शुरू की जांच

47

बिलासपुर– बिल्हा क्षेत्र के मंगला स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ शिक्षक ने छात्राओं से छेड़खानी की। साथ ही एक छात्रा के घर पर जाकर भी उससे गंदी बातें की। छात्राओं ने पहले इसकी जानकारी स्कूल के प्रधान पाठक को दी। इसके बाद छात्राओं ने पूरे मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों से की। इसमें कार्रवाई नहीं होने पर छात्रा स्वजन के साथ थाने पहुंची। उसने पूरे मामले की शिकायत बिल्हा थाने में की है। इस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बिल्हा क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय छात्रा मंगला स्थित मिडिल स्कूल में पढ़ती है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि स्कूल में पदस्थ शिक्षक कमलेश साहू छात्राओं के साथ गलत बातें करते हैं। इसके अलावा शिक्षक उन्हें गलत तरीके से छूते हैं। एक छात्रा के घर पर जाकर भी शिक्षक ने गलत हरकत करने की कोशिश की।

छात्राओं ने इसकी जानकारी स्कूल के प्रधान पाठक को दी थी। इसके बाद भी शिक्षक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे शिक्षक के हौसले बढ़ते गए। शिक्षक की हरकतों की जानकारी छात्रा ने स्वजन को दी। शनिवार को छात्रा स्वजन के साथ बिल्हा थाने पहुंची। उसने शिक्षक की हरकतों की शिकायत पुलिस से की है। इस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

शिक्षक के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत मिली है। मामले की जांच शिक्षा विभाग की ओर से कराई गई है। इसकी जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Join Whatsapp Group