सफेद साड़ी वाली ने 100 गुना रुपये करने का लालच दिया, महिलाओं को श्‍मशान बुलाकर ठगी

20

कुक्षी तहसील के ग्रामीण क्षेत्र में तांत्रिक क्रिया के नाम पर रात्रि में महिलाओं को श्मशान बुलाकर 100 गुना रुपये करने का झांसा देकर ठगने का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित महिलाओं ने सफेद साड़ी पहनने वाली अज्ञात महिला के विरुद्ध सोमवार को आवेदन दिया है। पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।

कुक्षी थाना क्षेत्र के ग्राम देशवाल्या व आसपास गांवों की महिलाएं सोमवार को कुक्षी थाने पहुंची, जहां थाना प्रभारी राजेश यादव को आवेदन दिया।

आवेदन में महिलाओं ने बताया कि वे कुछ दिनों पहले एक सफेद साड़ी वाली तांत्रिक महिला के संपर्क में आई थी। बातचीत में उसने हमें 100 गुना रुपये करने का दावा करते हुए लालच दिया। हमारे गांव से करीब 20 किलोमीटर दूर रामपुरा के श्मशान घाट में रात्रि करीब नौ बजे बुलाया। उसने कहा कि वह एक लाख रुपये के हाथों-हाथ एक करोड़ रुपये और 50 हजार के 50 लाख रुपये बनाकर देगी।

उसकी बातों में आकर महिलाएं रात में रामपुरा के श्मशान घाट पहुंची, जहां उक्त सफेद साड़ी पहनी महिला ने लाल कपड़ा बिछाया। महिलाओं से कहा कि वे साथ लाई रुपयों की गड्डी लाल कपड़ा में रख दें। इसके बाद तांत्रिक महिला ने इन्हें ताला लगा झोला दिया और कहा कि नौ दिनों बाद कन्याओं को भोजन कराने के पश्चात ही झोले को खोलना।

सभी ग्रामीण महिलाएं इस तांत्रिक महिला के झांसे में आ गईं। अगली बार ये महिलाएं जब उक्त सफेद साड़ी वाली तांत्रिक महिला से मिलने पहुंची तो उसने इन्हें बताया कि उसकी मां बीमार है और उसकी दादी की मौत हो गई है। इसके चलते झोले में लगे ताले की चाबी 11 दिनों बाद देगी और इन महिलाओं को वहां से भगा दिया।

इसके बाद वह तांत्रिक महिला फरार हो गई। तंत्र क्रिया के नाम पर लाखों करोड़ों पाने की चाह में महिलाएं ठगी का शिकार हाे गई। महिलाओं को शक हुआ। इस पर बसंती बाई व सुरलीबाई सहित अन्य महिलाओं ने झोले का ताला तोड़ दिया। जैसे ही झोले के अंदर निगाह डाली तो इनके होश उड़ गए, क्योंकि झोले के अंदर कागजों की गड्डियां, गत्ते के टुकड़े व छोटे-छोटे पत्थर नजर आए। इसी के बाद ठगी का शिकार महिलाएं कुक्षी थाने पहुंची थी। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की है।

Join Whatsapp Group