बरात में डांस के दौरान धक्का लगने पर दूल्हे के भाई की हुई थी हत्या, दो आरोपित गिरफ्तार

30

गत सोमवार की रात्रि में दीवानगंज फैक्ट्री चौराहे पर बारात लगने के दौरान हुए हत्याकांड में पुलिस ने दोनों हत्यारों को गिरफ्तार कर बुधवार को रायसेन न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। हत्या के दोनों आरोपित वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से भागकर छुप गए थे। पुलिस ने एक आरोपित संजू अहिरवार को उसके घर से गिरफ्तार किया है।

संजू घर में बाहर से ताला डालकर अंदर छुप गया था। शक होने पर पुलिस घर की दीवार फांदकर अंदर घुसी, जहां पर संजू अहिरवार छुपा हुआ मिल गया। वहीं दूसरा आरोपित विशाल अहिरवार कालीटोर पिपरई के जंगल में छुप गया था, जहां पुलिस ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।

दोनों ही आरोपितों को पुलिस ने बुधवार को रायसेन न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश न्यायालय द्वारा दिए गए हैं। आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बुधवार को रायसेन न्यायालय में पेश किया।

गौरतलब है कि सोमवार रात्रि में दीवानगंज फैक्ट्री चौराहा पर सेऊ नटेरन जिला विदिशा से आई दूल्हा यशपाल अहिरवार की बरात लग रही थी। बरातियों के साथ दुल्हन पक्ष के लोग भी शामिल होकर डांस करने लगे। इसी दौरान दूल्हा पक्ष के लोगों को धक्का लग गया। इस बात पर दुल्हन पक्ष के लोगों और बरातियों के बीच मारपीट हो गई।

दुल्हन पक्ष के दो युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया, जिसमें दूल्हे के मौसी के लड़के ओमप्रकाश अहिरवार की मौत हो गई थी। जबकि तीन अन्य बराती घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों युवकों संजू अहिरवार और विशाल अहिरवार को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया था। आरोपित संजू अहिरवार दुल्हन गंगा अहिरवार की बुआ का लड़का है।

आरोपितों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी, दीवानगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रघुवीर सिंह दांगी, प्रधान आरक्षक विकास श्रीवास्तव, जितेंद्र वर्मा, दिलीप यादव, संजय लोवंशी, हेत सिंह मीणा, दिलीप रघुवंशी, गणेश रघुवंशी, सुनील लोधी, आरक्षक रोहित गोस्वामी, सूरज वर्मा, जितेंद्र शर्मा, रविन्द्र रघुवंशी, सौरभ, राहुल, रामकरण शर्मा, रंजीत धाकड़, राजू चौहान, सैनिक संजीव यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

Join Whatsapp Group